रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ और शराब बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को सूचना मिली थी कि गोला थाना अंतर्गत ग्राम कामता, टोला कोलेबवा घुटवा स्थित भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ देशी शराब का निर्माण कर बड़े पैमाने पर बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि 5-6 लोग अवैध भट्ठी बनाकर महुआ शराब तैयार कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी लोग भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी को पकड़ लिया गया जबकि अन्य फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दशरथ महतो (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रजरप्पा थाना क्षेत्र के सिकनी गांव का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि सभी लोग मिलकर अवैध शराब निर्माण करते थे और गोला सहित आसपास के क्षेत्रों में इसकी बिक्री करते थे। पुलिस द्वारा संबंधित कागजात मांगे जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
इस मामले में गोला थाना में कांड संख्या 59/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275, 292, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 120 लीटर महुआ देशी शराब, करीब 600 किलो जावा महुआ, पांच बड़े एल्यूमिनियम के तसले, चार नीले रंग के जार तथा दो पुरानी साइकिलें बरामद कीं।
अभियान में आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित गोला थाना के कई पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।