रामगढ़ कैंट, झारखंड : भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल की मासिक बैठक शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कार्यकर्ताओं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित 7 जून के रामगढ़ दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोठार, निर्मल महतो चौक, मांडू तथा चित्तरपुर ओवरब्रिज के समीप कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विभिन्न स्थानों पर भाजपा के झंडे लगाए जा रहे हैं तथा कार्यकर्ता उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं।
बैठक के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष कार्यक्रमों की जानकारी दी गई तथा सभी कार्यकर्ताओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इसके उपरांत मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय के नेतृत्व में वृक्षारोपण भी किया गया।
मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने बताया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रामगढ़ कैंट क्षेत्र में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से पर्यावरणीय संतुलन मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा रामगढ़ कैंट क्षेत्र को हरित, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
बैठक का संचालन महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बिजेंद्र मुंडा ने किया।
इस अवसर पर सुनील प्रसाद, राजीव पामदत्त, सरदार अनमोल सिंह, शीतल सिंह, सहदेव ठाकुर, विनीता सिंह, अमित कुमार ठाकुर, आकाश गुप्ता, निशा सिन्हा, अमर भारती, सुदीप कुमार, अमर कुशवाहा, रोशन कुमार, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।