रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए।
पहली घटना चट्टी बाजार- कैथा चौक मार्ग पर हुई, जहां एक किशोर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान 15 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किसी कार्य से बाजार गया था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवीन रामगढ़ निवासी एलआईसी अभिकर्ता उमेश प्रसाद महतो का पुत्र बताया गया है।
वहीं दूसरी दर्दनाक घटना एनएच-33 स्थित चुटुपालू घाटी में हुई, जहां एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक राहुल रजवार (23 वर्ष) कुजू क्षेत्र का निवासी था और रांची में ग्राफिक डिजाइनर के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे एक भारी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान घाटी क्षेत्र में एक अन्य सड़क दुर्घटना में ट्रक और कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटनाओं के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।