बरही (हज़ारीबाग), झारखंड : हज़ारीबाग के प्रसिद्ध स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी की रविवार देर रात बरही थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जीटी रोड स्थित करसो नदी पुल के समीप रात करीब 11 बजे हुई। हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, ओकनी निवासी विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक उपाध्याय के साथ कार से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें दून एक्सप्रेस पकड़कर चारधाम यात्रा पर निकलना था। रास्ते में कार का टायर पंचर हो गया। चालक अभिषेक उपाध्याय टायर बदल रहा था, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और विक्की सोनी पर गोली चला दी। गोली उनके गले में लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक हज़ारीबाग के प्रतिष्ठित देवनंदन ज्वेलर्स के संचालक थे। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में रखा गया है।
मृतक के बड़े बहनोई संतोष सोनी ने बताया कि विक्की सोनी अपने चार अन्य मित्रों के साथ चारधाम यात्रा पर जाने वाले थे। वे दून एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचने के बाद केदारनाथ के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई।
परिजनों ने हत्या का आरोप मृतक के छोटे बहनोई विक्रम सोनी पर लगाया है। बताया जा रहा है कि विक्रम सोनी बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज का निवासी है। बरही थाना पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।