रामगढ़ (झारखंड) : जिला प्रशासन रामगढ़ के प्रयासों से जिले के किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गुरुवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से लगभग 2 टन आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना किया।
यह आम रामगढ़ (झारखंड) जिले के पतरातू, दुलमी और मांडू प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित किया गया है। खेप को पहले कोलकाता भेजा जाएगा, जहां गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और निर्यात संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे यूके के बाजारों में भेजा जाएगा।
उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ (झारखंड) के किसानों द्वारा उत्पादित आम का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना किसानों की मेहनत, उत्पाद की गुणवत्ता और जिले की कृषि क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। आधुनिक कृषि तकनीक, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन सुविधाओं से जुड़ने के कारण अब रामगढ़ (झारखंड) के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी (मनरेगा) विजय कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी और किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।