रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से जागरूकता अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण विभाग, रामगढ़ और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को मादक पदार्थों के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ रामगढ़ (झारखंड) जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के तहत जिला एवं प्रखंड स्तर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए शपथ ग्रहण किया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में भी भागीदारी निभाई गई।
अभियान के दौरान जिले की सभी पंचायतों और गांवों में रैलियां, समूह बैठकें, ग्राम सभाएं, जनसंवाद, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा JSLPS रामगढ़ के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान रामगढ़ (झारखंड) में नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी विभागों, सामुदायिक संगठनों और नागरिकों ने नशामुक्त रामगढ़ के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक JSLPS रीता सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे।