जमशेदपुर, झारखंड : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बरामदगी के दौरान गिरफ्तार अपराधी जसप्रीत उर्फ गबरू द्वारा पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अपराधी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम सिदगोड़ा पुलिस ने एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जसप्रीत उर्फ गबरू ने पुलिस को बताया कि छिनतई किए गए गहने, फर्जी नंबर प्लेट तथा बाइक को कचरा डिपो के पास छिपाकर रखा गया है।
जानकारी के आधार पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस टीम आरोपी को लेकर बरामदगी के लिए कचरा डिपो पहुंची। पुलिस ने वहां से बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और अन्य सामान बरामद किया। इसी दौरान आरोपी जसप्रीत उर्फ गबरू ने कथित रूप से एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली गबरू के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, एएसपी समेत टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइंस, बिष्टुपुर, बिरसानगर और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा बरामद हथियार, फायरिंग और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।