रांची, झारखंड :राज्यसभा चुनाव से पूर्व इंडिया गठबंधन ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गठबंधन के अधिकांश विधायक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधायकों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराना और चुनाव के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि से बचना था।
बैठक के दौरान एक डमी मतपत्र के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं विधायकों को बताया कि मतपत्र पर किस प्रकार मतदान किया जाना है। इसके बाद अभ्यास मतदान (मॉक पोलिंग) भी कराया गया, जिससे सभी विधायक मतदान के नियमों और प्रक्रियाओं को भलीभांति समझ सकें।
सूत्रों के अनुसार, अभ्यास मतदान में गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों को अपेक्षित समर्थन मिला। गठबंधन नेताओं ने विश्वास जताया कि वास्तविक चुनाव में भी दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित होगी। बैठक में सभी विधायकों को एकजुटता बनाए रखने और गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का संदेश दिया गया।
बैठक में कांग्रेस, झामुमो और राजद के वरिष्ठ नेताओं एवं विधायकों ने भाग लिया। चुनावी रणनीति, समन्वय और मतदान के दिन की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह संगठित है और दोनों उम्मीदवारों की जीत को लेकर कोई संशय नहीं है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के सभी विधायक अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करेंगे।
वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की गलती न हो, इसके लिए विधायकों को अभ्यास कराया गया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और चुनाव परिणाम उनके पक्ष में रहेगा।
झामुमो विधायक संजीव सरदार ने भी गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी सहयोगी दलों के विधायक मिलकर दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे।