पुलिस अधीक्षक ने किया मांडू अंचल निरीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: बुधवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मांडू अंचल निरीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की गहनता से जांच की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इस दौरान आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण के संबंध में की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।