आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा बैठक, नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों का पंजीकरण होगा रद्द

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों, बीपीएम, बीडीएम तथा निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अस्पतालों में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ABHA ID के उपयोग तथा HMIS से मरीजों के रिकॉर्ड लिंक करने की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिया कि वे अपने मरीजों के रिकॉर्ड को एचएमआईएस से अनिवार्य रूप से लिंक करें तथा प्रत्येक अस्पताल में ABHA ID काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना ABHA ID के किसी मरीज को भर्ती करना मिशन के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

बैठक में बताया गया कि नियमों का पालन नहीं करने वाले अथवा बिना ABHA ID के मरीजों को भर्ती करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका पंजीकरण रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट के निर्धारित मानकों में कम स्कोर प्राप्त करने वाले अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन भी निरस्त किया जाएगा।

उपायुक्त ने अस्पताल प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे बैठक के बाद अपने-अपने संस्थानों में आंतरिक बैठक आयोजित कर सभी कर्मियों को इन निर्देशों की जानकारी दें तथा अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) भी साझा करने को कहा गया।

समीक्षा बैठक में फार्मेसी संचालन और पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। सभी संबंधित संस्थानों को अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों का निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, गुणवत्ता में सुधार होगा तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।