भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : भुरकुंडा के निकट भदानीनगर स्थित न्यू शिव मंदिर कॉलोनी में शनिवार की संध्या लगभग साढ़े पांच बजे चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार एक वृद्ध महिला संध्या में टहल रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया ।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला भुरकुंडा के जनता टॉकीज के समीप स्थित श्रृंगारिका स्टोर्स के संचालक शंभू विश्वकर्मा की माता हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।