पांच हजार रुपये घूस लेते सीसीएल कर्मी गिरफ्तार, सीबीआई की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Spread the love

भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र के सेंट्रल सौंदा रीजनल स्टोर में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने रिश्वत लेते हुए एक सीसीएल कर्मी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौंदा रीजनल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी अरुण सिन्हा को सीबीआई ने कथित रूप से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह राशि एक मजदूर दशरथ मांझी से ली जा रही थी।

मामले में शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार, करीब 14 अधिकारियों और कर्मियों की सीबीआई टीम इस ऑपरेशन में शामिल थी। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी कर्मी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, उसके आवास पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की गई।

हालांकि, सीबीआई की ओर से देर शाम तक मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। जांच एजेंसी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।