सिरका (रामगढ), झारखंड : रामगढ़ जिले के सिरका स्थित सीसीएल बूम बैरियर (चेक पोस्ट) पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र के मजदूरों में भय का माहौल है। ज्ञात हो कि सिरका से सौंदा तक ठेका कंपनी द्वारा कोयले का परिवहन किया जाता है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सीसीएल सुरक्षाकर्मी अनिल और होमगार्ड जवान चरवा उरांव चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो नकाबपोश अपराधियों में से एक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने धमकी देते हुए कहा, “मालिक से बोलना कि मैनेज करके चलेगा।” इसके बाद एक और गोली हवा में चलाते हुए हथियार लहराकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गोली बूम बैरियर को आर-पार कर गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ डीएसपी, अरगड्डा क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी तथा रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की।
सिरका परियोजना के सुरक्षा प्रभारी की लिखित शिकायत पर रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।