कृषि सचिव अबुबक्कर सिद्दीक पी. ने आरा बस्ती माइंस में केज कल्चर योजना का किया निरीक्षण, मत्स्य पालकों से किया संवाद

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव अबुबक्कर सिद्दीक पी. ने शनिवार को रामगढ़ जिले के आरा बस्ती माइंस संख्या-8 का भ्रमण कर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित केज कल्चर योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालन गतिविधियों का जायजा लिया और मत्स्य पालक किसानों व महिला स्वयं सहायता समूहों से सीधे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने केज कल्चर में हो रहे मत्स्य उत्पादन, विपणन, आय, तकनीकी प्रबंधन तथा योजना से मिल रहे सामाजिक एवं आर्थिक लाभों की विस्तृत जानकारी ली। किसानों ने बताया कि इस योजना से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आजीविका मजबूत हुई है।

सचिव ने जलाशय में नाव के माध्यम से केज कल्चर गतिविधियों का निरीक्षण किया। किसानों की सुविधा और कार्य की दक्षता बढ़ाने के लिए उन्होंने मोटर बोट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

महिला मत्स्य पालक समूहों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मछली से अचार, कटलेट, फिश फिंगर, ड्राई फिश सहित अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर बेहतर बाजार और अधिक आय अर्जित की जा सकती है। साथ ही उन्होंने मत्स्य उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि केज कल्चर जैसी योजनाएं विस्थापित एवं ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका का सशक्त माध्यम बन रही हैं। राज्य सरकार आधुनिक तकनीक और बेहतर विपणन व्यवस्था के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र को सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, मत्स्य विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मत्स्य पालक किसान एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।