रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ प्रधान डाकघर में डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के प्रचार-प्रसार को लेकर सोमवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रधान डाकघर के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय और पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने बताया कि झारखंड परिमंडल द्वारा 23 जुलाई 2026 को डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा का महालॉगिन मेला आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील की। अभियान के दौरान मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय सहित डाक विभाग के कर्मचारियों ने कई लोगों का डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा कराया।
रविशंकर राय ने बताया कि डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा देश की सबसे पुरानी और भरोसेमंद बीमा योजनाओं में शामिल हैं। इन योजनाओं में कम प्रीमियम पर अधिक बोनस का लाभ मिलता है। बीमा की अधिकतम राशि 50 लाख रुपये तक है तथा 19 वर्ष से 55 वर्ष आयु वर्ग के लोग इसका लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं के अंतर्गत आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत कर छूट, ऋण एवं अभ्यर्पण (सरेंडर) की सुविधा, किसी भी डाकघर में प्रीमियम जमा करने एवं किसी भी डाकघर से भुगतान प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान की सुविधा भी दी गई है। डाक जीवन बीमा से प्राप्त परिपक्वता राशि पूर्णतः आयकर मुक्त होती है। ग्राहकों को पासबुक एवं बॉण्ड पेपर भी उपलब्ध कराया जाता है, जिससे योजना के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होता है।
रविशंकर राय ने लोगों से 23 जुलाई 2026 को आयोजित महालॉगिन मेला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर समाजसेवी पिंकी राय, रेखा देवी, स्वीटी सोनी, आरती कुमारी सहित कई लोगों ने डाक जीवन बीमा योजना का लाभ प्राप्त किया।