रामगढ़ (झारखंड) : रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ के सत्र 2025-26 की अंतिम बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक मंगलवार को चुट्टूपालू स्थित ओये पंजाब होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन संजय अग्रवाल फूड ने की, जबकि संचालन रोटेरियन विजय अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर पूरे वर्ष किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी सत्र 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने सत्र 2025-26 के अध्यक्ष एवं सचिव को उनके सफल कार्यकाल के लिए अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, सत्र 2026-27 के निर्वाचित सचिव आशीष दास एवं उपाध्यक्ष संजय जैन का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
‘मानव सेवा ही रोटरी का मूल उद्देश्य’
पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन प्रदीप कुमार सिंह एवं अरुण राय ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब का मूल मंत्र “नर सेवा ही नारायण सेवा” है। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा कार्य पहुंचाना है और यही परंपरा आगे भी जारी रहेगी। दोनों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सत्र में क्लब नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
सफल रहा 2025-26 का कार्यकाल
निवर्तमान अध्यक्ष एवं सचिव ने कहा कि बीते सत्र में सभी सदस्यों के सहयोग और समर्पण से अनेक सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम सेवा, मित्रता और संगठन की भावना को और अधिक मजबूत करते हुए समाजहित में कार्य करती रहेगी। साथ ही सभी सदस्यों के प्रति सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
नई कार्यकारिणी से बड़ी उम्मीदें
पूर्व अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह, निलंजन दत्त, अमरेश गणक एवं अनिल गर्ग ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्तमान सत्र में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी, अनुशासन और समर्पण के कारण क्लब ने कई उल्लेखनीय कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। उन्होंने सभी सदस्यों से आगामी सत्र में भी नियमित बैठकों, सेवा गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
2026-27 की कार्ययोजना हुई प्रस्तुत
बैठक में आगामी सत्र 2026-27 की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। इसमें निम्न प्रमुख कार्यक्रमों पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया—
सदस्यता विस्तार अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम। जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य, युवा एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, नियमित मासिक बैठकों का प्रभावी संचालन ।
बैठक के अंत में रोटेरियन राहुल जैन पाटनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सभी सदस्यों ने निवर्तमान कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि आगामी सत्र में रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित सदस्य
पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, अरुण राय, कमलेश्वर सिंह, निलंजन दत्त, अमरेश गणक, अनिल गर्ग, अध्यक्ष संजय अग्रवाल फूड, विजय अग्रवाल, संजय जैन, राहुल जैन पाटनी, संजय शर्मा, मदन माहेश्वरी, विजय पोद्दार, राजेश मेहता एवं आशीष दास सहित अन्य रोटेरियन उपस्थित थे।