धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, निरसा विधायक अरूप चटर्जी को धमकी के 48 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई

Spread the love

धनबाद (झारखंड) :धनबाद पुलिस ने शनिवार को फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह झारखंड में पहली बार है, जब किसी कुख्यात अपराधी के घर पर इस तरह का बुलडोजर एक्शन किया गया। यह कार्रवाई निरसा विधायक अरूप चटर्जी को जान से मारने की धमकी मिलने के महज 48 घंटे बाद की गई।

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर डीएसपी प्रकाश सोय, सीसीआर डीएसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सहित तीन डीएसपी और छह थानों की पुलिस बल तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मीडिया को भी घटनास्थल से दूर रखा गया। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी कराई गई ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में निरसा विधायक अरूप चटर्जी को विदेशी मोबाइल नंबर से धमकी मिलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई है।

विधायक को दी थी रंगदारी और हत्या की धमकी

3 जुलाई को प्रिंस खान ने कथित तौर पर दक्षिण अफ्रीका के नंबर +27613737683 से निरसा विधायक अरूप चटर्जी के मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज, ऑडियो और पिस्टल से फायरिंग का वीडियो भेजा था। उसने रंगदारी की मांग करते हुए कहा कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो 24 घंटे के भीतर परिणाम भुगतना होगा।

प्रिंस खान द्वारा भेजे गए ऑडियो संदेश में कहा गया कि उसे पैसे चाहिए, दोबारा फोन या मैसेज नहीं करेगा, बल्कि सीधे “रिजल्ट” देगा। उसने विधायक को नंबर ब्लॉक करने की भी चुनौती देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

मुख्यमंत्री, डीजीपी और एसएसपी से की शिकायत

धमकी मिलने के बाद विधायक अरूप चटर्जी ने मुख्यमंत्री, गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तथा धनबाद एसएसपी को लिखित शिकायत देकर अपनी सुरक्षा की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी।

सांसद ढुलू महतो पर लगाए गंभीर आरोप

अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि सांसद ढुलू महतो के साथ चल रहे राजनीतिक विवाद और उनके खिलाफ प्रेस वार्ता करने के 48 घंटे के भीतर उन्हें प्रिंस खान से धमकी मिली। उन्होंने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान ढुलू महतो और प्रिंस खान के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उसी के बाद यह घटनाक्रम सामने आया। विधायक ने पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

धमकी के बाद धनबाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और तेज करते हुए उसके नेटवर्क और सहयोगियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।