रामगढ़ (झारखंड): भुरकुंडा में मुठभेड़ के दौरान अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम के घायल होने और गिरफ्तारी के बाद रामगढ़ पुलिस ने मामले में दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में कुजू से एक और आरोपी आरिज आलम उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाइयों में अब तक कुल 4 देसी पिस्टल, 8 मैगजीन, 82 जिंदा कारतूस, एक पिस्टल होल्स्टर और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उक्त जानकारी एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर दिया ।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़, रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा निवासी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के इशारे पर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए हथियार खरीदने की बात स्वीकार की। हथियार बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के बाद रिम्स रांची रेफर किया गया। उसके पास से 2 देसी पिस्टल, 4 मैगजीन, 61 जिंदा कारतूस, एक पिस्टल होल्स्टर और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मुठभेड़ के बाद मिली सूचना पर कुजू ओपी पुलिस ने आरिज आलम उर्फ टिंकू के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 देसी पिस्टल, 4 मैगजीन, 21 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ये हथियार शिवराज राम उर्फ शिवा डोम ने उपलब्ध कराए थे और इनका इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में किया जाना था।
पुलिस ने बताया कि शिवराज राम उर्फ शिवा डोम का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले श्रीवास्तव तथा राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा रहा है। वर्तमान में वह प्रिंस खान गिरोह के लिए काम कर रहा था। वहीं गिरफ्तार आरिज आलम के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दोनों मामलों में संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
