रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष कुसुमलता मुण्डा ने सोमवार को नगर परिषद क्षेत्र स्थित प्राचीन टूटी झरना शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा जल्द ही मंदिर परिसर के सुंदरीकरण और विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष के साथ हिनू मुण्डा, रामरतन मुण्डा, मिहिर चंद मुण्डा, प्रेमचंद मुण्डा, विनोद मुण्डा, संजीत, राजू, तिलेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद अध्यक्ष के समक्ष मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, बेहतर सुविधाओं और विकास कार्यों की मांग रखी। इस पर कुसुमलता मुण्डा ने कहा कि टूटी झरना शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर का जल्द ही सुंदरीकरण एवं विकास कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मंदिर परिसर अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप में नजर आएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष के आश्वासन पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।