गोला (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर संधवैय घाटी के समीप गुरुवार सुबह बियर से लदा एक एलपी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि ट्रक में लदी बड़ी मात्रा में कैन बियर क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। सड़क किनारे बिखरी कैन बियर को कई लोग अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर गोला थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बची हुई बियर की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पैंथर जवानों और चौकीदारों की तैनाती कर दी। इसके बाद बीडीपीएल कंपनी के प्रतिनिधि राकेश चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षित बची बियर को दूसरे वाहन में लोड कर निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक में बोकारो के बालिडीह से लगभग 1,400 पेटी कैन बियर लोड की गई थी, जिसे हजारीबाग पहुंचाया जा रहा था। संधवैय घाटी के पास वाहन असंतुलित होकर पलट गया, जिससे बड़ी मात्रा में बियर क्षतिग्रस्त हो गई।
गोला थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।