पीटीपीएस में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से 18 ग्राम सोने की चेन झपटी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पीटीपीएस में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार दो उचक्कों ने 18 ग्राम सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, पीटीपीएस के रोड नंबर-13 स्थित कटिया पंच मंदिर पंचायत भवन के समीप सुबह यह घटना हुई। पीड़िता गीता देवी (56 वर्ष), पति स्वर्गीय शंभू तिवारी, रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों ने पहले पंचायत भवन के पास बाइक रोककर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। मौका मिलते ही उन्होंने महिला के गले से करीब 18 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।

घटना की सूचना मिलने पर पतरातू थाना के एएसआई अमरेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे और पीड़िता से जानकारी ली। पुलिस पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई जानकारी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।