शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार; हथियार, लूटे गए जेवर और वाहन बरामद

Spread the love

10 आरोपी गिरफ्तार, एक ने किया सरेंडर; अब तक 565 ग्राम सोने व करीब 3 किलो चांदी के आभूषण सहित हथियार और वाहन जब्त

रामगढ़ (झारखंड) : रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में अप्रैल 2026 में हुई चर्चित डकैती कांड के खुलासे में रामगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल आरोपी शमशेर आलम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियार, लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने इस संबंध में सोमवार को पत्रकार सममेलन का आयोजन कर जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था, जो लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी।

12 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुख्य आरोपी शमशेर आलम को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 7.65 एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल, करीब 370 ग्राम सोने जैसे दिखने वाले 22 आभूषण तथा लगभग 160 ग्राम चांदी जैसे दिखने वाले 9 आभूषण बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

इस कांड में इससे पहले 24 अप्रैल 2026 को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक कार, हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। इसके बाद 10 मई को दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिनकी निशानदेही पर लगभग 1350 ग्राम चांदी और 49 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

मामले का मास्टरमाइंड विभाष पासवान उर्फ मृगेन्द्र पासवान ने जून 2026 में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। बाद में रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से भी लूटे गए आभूषण बरामद किए गए।

अब तक की कार्रवाई

रामगढ़ पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। जांच के दौरान कुल करीब 565 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक कार, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में संलिप्त सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।