रामगढ़ में खेत पर काम करते समय करंट लगने से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले के रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुंदरुकलां पंचायत के सरैया गांव में मंगलवार सुबह खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान मधेश्वर महतो (56 वर्ष), निवासी सरैया, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह अपने खेत में कृषि कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल तथा उनके घर पहुंच गए।

वार्ड सदस्य के पिता थे मृतक

मधेश्वर महतो स्थानीय वार्ड सदस्य मनोज महतो के पिता थे। उनके असामयिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने बताया कि वे मेहनतकश किसान थे और खेती-किसानी के माध्यम से ही परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मुआवजे की उठी मांग

घटना पर कुंदरुकलां पंचायत के मुखिया किशुनराम मुंडा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य के निधन से उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक सरकारी लाभ देने की मांग की है।