पतरातू डैम में म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन, झारखंड पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

Spread the love

पतरातू (रामगढ़) झारखंड : पतरातू डैम परिसर में गुरुवार को पर्यटन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक और पर्यटक मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतिश कुमार, जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण राज्य है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित कर पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पतरातू डैम पहले से ही राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और म्यूजिकल फाउंटेन तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसी नई सुविधाओं से इसकी पहचान और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि म्यूजिकल फाउंटेन में संगीत, प्रकाश और जल की आकर्षक प्रस्तुति पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनेगी, जबकि फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में जलाशय के बीच प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए भोजन और मनोरंजन की सुविधा मिलेगी। इससे पतरातू डैम आने वाले पर्यटकों को पर्यटन का नया अनुभव प्राप्त होगा।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन का विकास केवल राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नहीं करता, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाता है। पतरातू डैम में विकसित इन नई सुविधाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पतरातू डैम परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पार्किंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के शुभारंभ के साथ पतरातू डैम अब झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और अधिक आकर्षण का केंद्र बन गया है। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि रामगढ़ जिले के पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलने की संभावना है।