कुजू (रामगढ), झारखण्ड :कुजू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ से चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। हालांकि ट्रक चोरी कर ले जाने वाले आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुजू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ से तोपा परियोजना जाने वाली सड़क के किनारे ट्रक संख्या JH13P-5326 को चालक ने 17 जुलाई की रात खड़ा किया था और अपने घर चला गया। अगले दिन 18 जुलाई को लौटने पर ट्रक वहां से गायब मिला।
ट्रक मालिक महताब आलम (मोहम्मद महताब अंसारी), निवासी हुवाग बलसगरा, थाना मांडू ने इस संबंध में कुजू ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को ट्रक के हजारीबाग की ओर ले जाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद कुजू पुलिस ने सअनि राजेश कुमार एवं सशस्त्र बल के साथ पीछा किया और हजारीबाग पुलिस के सहयोग से इचाक थाना क्षेत्र में ट्रक को बरामद कर लिया।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक लेकर भाग रहे आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई से ट्रक मालिक को बड़ी राहत मिली है। वहीं, घटना ने एक बार फिर कुजू कोयलांचल क्षेत्र में वाहन चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।