रामगढ़ कैंट, (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में कर्मचारियों के नवाचार और निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिज़नेस एक्सीलेंस विभाग की ओर से 23 जुलाई को काइज़ेन गिफ्ट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट काइज़ेन (Kaizen) सुझाव देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन बीएफसीएल के एचएएसपी प्रशिक्षण हॉल में हुआ, जिसमें विभिन्न बिजनेस यूनिट्स के प्रमुख, विभागाध्यक्ष, काइज़ेन पुरस्कार विजेता तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रबंधन ने कहा कि काइज़ेन केवल सुझाव देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन में गुणवत्ता, सुरक्षा, उत्पादकता और कार्यकुशलता को बेहतर बनाने की एक प्रभावी कार्य संस्कृति है। कर्मचारियों की रचनात्मक सोच और नवाचार की भावना ही किसी भी औद्योगिक संस्थान को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करती है।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट काइज़ेन सुझाव प्रस्तुत करने वाले कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी अधिक से अधिक सुधारात्मक एवं नवाचार आधारित सुझाव देने का आह्वान किया गया, ताकि संगठन में निरंतर सुधार, टीमवर्क और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाया जा सके।
प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के कार्यक्रम कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ संगठन में सहभागिता, नवाचार और बेहतर कार्य निष्पादन की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
बीएफसीएल के कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन विभाग के अनुसार, यह पहल कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ संगठन में कंटीन्यूअस इम्प्रूवमेंट की संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।