पेंशन अदालत में पेंशनरों ने रखीं मूलभूत सुविधाओं की मांग, उपायुक्त ने समाधान का दिया भरोसा

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : जिला पेंशनर कल्याण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला पेंशन अदालत में भाग लेकर पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समाज के जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने किया। पेंशन अदालत में उपायुक्त ऋतुराज स्वयं उपस्थित रहे और पेंशनरों की समस्याएं सुनीं।

बैठक की शुरुआत में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने उपायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पहल पर लंबे समय बाद जिला पेंशन अदालत का पुनः आयोजन किया गया, जिससे पेंशनरों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला।

अदालत के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला पेंशनर कार्यालय में पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था, भवन के फर्श पर टाइल्स लगाने, रंग-रोगन कराने तथा पेंशनर भवन के सामने हालनुमा शेड (शेडयुक्त सभा स्थल) निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वार्षिक सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति होने के कारण वर्तमान भवन में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता, जिससे कार्यक्रम अन्यत्र आयोजित करना पड़ता है।

उपायुक्त ऋतुराज ने पेंशनरों की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

पेंशन अदालत में जिला पेंशनर कल्याण समाज के अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, संरक्षक दिलीप साहा, वरीय सदस्य दूधेश्वर महतो तथा संजय प्रसाद सिन्हा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।