रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के कैथा स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को घुरती रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
धार्मिक परंपरा के अनुसार सुबह भगवान को प्रथम भोग के रूप में आम, चूड़ा और गुड़ अर्पित किया गया। इसके बाद निर्धारित समयानुसार दोपहर 2 बजे हलवा, 3 बजे खिचड़ी, तथा शाम 6 बजे धान का लावा और जली हुई रोटी का विशेष भोग लगाया गया। पूरे दिन श्रद्धालु भक्ति भाव से पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में शामिल रहे।
शाम 7 बजे महाआरती के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रहों को विधिवत रथ पर विराजमान किया गया। इसके पश्चात शाम 7:25 बजे मौसीबाड़ी से घुरती रथ यात्रा प्रारंभ हुई, जो रात्रि 8:25 बजे मुख्य मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर महाआरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद भगवान के कपाट बंद कर दिए गए।
मंदिर समिति के अनुसार 25 जुलाई 2026 को हरि शयन एकादशी के अवसर पर भगवान का विशेष श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके उपरांत भगवान विष्णु स्वरूप श्री जगन्नाथ, भगवान बलराम और माता सुभद्रा चातुर्मास शयन में विराजमान होंगे।
इस धार्मिक आयोजन में मंदिर के मुख्य पुजारी भागवत नारायण चटर्जी, वार्ड पार्षद देवधारी महतो, राजेश कुमार महतो, आशुतोष चटर्जी, देवलाल महतो, अजय आस्था, अमित दास, सरोज करमाली, राजकुमार महतो, पंकज कुमार, विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।