रामगढ़ में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, उपायुक्त ऋतुराज ने दिए सख्त निर्देश; 15 अगस्त को सुबह 8 से 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  79वें स्वतंत्रता दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने जिला स्तरीय मुख्य समारोह के आयोजन स्थल सिदो कान्हू स्टेडियम को पूरी तरह तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने परेड, मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, बैरिकेडिंग सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में परेड एवं बैंड प्रस्तुति में भाग लेने वाले पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स तथा छात्र-छात्राओं के नियमित पूर्वाभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने अभ्यास के दौरान प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, पेयजल और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राधा गोविंद उच्च विद्यालय, रामगढ़ तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रामगढ़ की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी जाएगी। उपायुक्त ने संबंधित विद्यालयों को पूर्वाभ्यास कर कार्यक्रम के दिन उत्कृष्ट प्रस्तुति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानून-व्यवस्था एवं गरिमा बनाए रखने के लिए 14 अगस्त 2026 की रात्रि 12:00 बजे से 15 अगस्त 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक जिले की सभी मदिरा दुकानों एवं वधशालाओं को बंद रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश सहायक आयुक्त उत्पाद एवं नगर परिषद रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया।

राजकीय समारोह के वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि समारोह का सीधा प्रसारण सुचारु रूप से हो सके।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपी गई है।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और माल्यार्पण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य नागरिकों को सम्मानित करने के लिए समिति गठित कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश भी उपायुक्त ने दिया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने की तैयारियां भी शुरू करने को कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन का निर्धारित कार्यक्रम

उपायुक्त की गोपनीय शाखा: प्रातः 8:15 बजे

सिदो कान्हू स्टेडियम (राजकीय समारोह): प्रातः 9:05 बजे

उपायुक्त कार्यालय (ब्लॉक-ए): 10:00 बजे

पुलिस अधीक्षक कार्यालय (ब्लॉक-सी): 10:05 बजे

उप विकास आयुक्त कार्यालय (ब्लॉक-बी): 10:10 बजे

अनुमंडल कार्यालय: 10:50 बजे

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय: 10:55 बजे

पुलिस लाइन, रामगढ़: 11:10 बजे

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।