बड़कागांव में विधायक रोशन लाल चौधरी का जनता दरबार, स्कूल, जाति प्रमाण पत्र और पशु चिकित्सा की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

बड़कागांव (हजारीबाग), झारखंड :  बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में जनता दरबार आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान शिक्षा, जाति प्रमाण पत्र, पशु चिकित्सा और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े कई मामलों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में मंझली डाड़ी के ग्रामीणों ने बताया कि एनटीपीसी द्वारा कोयला खनन परियोजना शुरू होने के कारण आठ प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी विस्थापित हो गए हैं। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक रोशन लाल चौधरी ने अंचलाधिकारी मनोज कुमार को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त एवं विस्थापित विद्यालयों के स्थान पर नए भवन का निर्माण कर बच्चों को जल्द से जल्द वहां स्थानांतरित कराया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने स्कूल भवन की मांग को लेकर धरने पर बैठे विद्यार्थियों की समस्याओं का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दरबार में कुशवाहा समाज के अध्यक्ष भीखन महतो ने दांगी समुदाय के लोगों का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने का मामला उठाया। इस पर विधायक ने अंचलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों का जाति प्रमाण पत्र जल्द निर्गत करने का निर्देश दिया।

किसानों ने पशु अस्पताल में रेबीज की दवा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी विधायक के समक्ष रखी। इस पर विधायक ने पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार को निर्देश दिया कि पशुओं के लिए रेबीज वैक्सीन सहित अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जुलाई माह के अंत तक विभिन्न संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया जाए।

जनता दरबार में मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत मेहता, मुखिया अनिकेत नायक, पूर्व मुखिया एवं कुशवाहा समाज के अध्यक्ष भीखन महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिबु उर्फ शिव शंकर मेहता, प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र मंडल, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि हेमंत भुइया, पूर्व मुखिया मोहन महतो, कामेश्वर कुमार, मनीष पांडे, भागीरथ ठाकुर, नरसिंह प्रसाद, उदय कुमार, तुलेश्वर महतो, अवध किशोर कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।