रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, कल्याण, आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जन शिकायतों के निष्पादन, आधारभूत संरचना विकास, पेयजल आपूर्ति, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।