उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में ‘मेरा युवा भारत’ जिला सलाहकार समिति की बैठक, युवाओं के अधिकतम पंजीकरण पर जोर

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : मेरा युवा भारत (MY Bharat) रामगढ़ की जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने, पोर्टल पर पंजीकरण बढ़ाने तथा विभिन्न युवा कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में जिला युवा अधिकारी ने मेरा युवा भारत के उद्देश्यों, पोर्टल पर युवाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning) कार्यक्रम, युवा मंडल विकास अभियान सहित अन्य पहलों का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को मेरा युवा भारत अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्लस-टू विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मेरा युवा भारत के नोडल पदाधिकारी और परिसर प्रतिनिधि नामित किए जाएंगे। साथ ही सर्वाधिक युवा पंजीकरण कराने वाले शैक्षणिक संस्थानों को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सम्मानित किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को इस अभियान का नोडल पदाधिकारी बनाते हुए समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने सभी विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर अधिकाधिक युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण, कौशल विकास और स्वयंसेवी गतिविधियों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस पहल की पहुंच जिले के अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक युवा तक सुनिश्चित की जाए। वहीं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अभियान की गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से जुड़े विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि तथा मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा जिले में मेरा युवा भारत की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।