कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में भट्टी ब्लास्ट से घायल मजदूर की मौत, ग्रामीणों ने ठप कराया काम

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के कुजू-मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुई भट्टी ब्लास्ट दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान बुधवार रात मौत हो गई। मृतक पश्चिम न्यू कॉलोनी, कुजू कोलियरी निवासी था और उसके पिता का नाम दरोगा ठाकुर बताया गया है।

रमेश ठाकुर की मौत की खबर मिलते ही मुरपा के ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने प्लांट का काम ठप करा दिया और उचित मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार के समीप धरने पर बैठ गए।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना में मजदूर की जान चली गई है, ऐसे में पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और आवश्यक सहायता मिलनी चाहिए। आंदोलन के कारण प्लांट का कामकाज प्रभावित हुआ है।

बताया गया कि फिलहाल मृतक का शव रांची में है। शव कुजू पहुंचने के बाद ग्रामीणों का आंदोलन और उग्र होने की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रबंधन मृतक के परिवार के हित में उचित निर्णय ले और मुआवजे को लेकर ठोस पहल करे।