भट्टी ब्लास्ट में घायल मजदूर रमेश ठाकुर की मौत, 22 लाख मुआवजे पर बनी सहमति

Spread the love

शव के साथ फैक्ट्री गेट पर धरने पर बैठे परिजन व ग्रामीण, छह घंटे की वार्ता के बाद हुआ समझौता

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू-मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुई फर्निस भट्टी ब्लास्ट की घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। 26 वर्षीय रमेश ठाकुर कुजू कोलियरी पश्चिम न्यू कॉलोनी निवासी थे। उन्होंने बुधवार देर रात रांची के देवकमल अस्पताल में अंतिम सांस ली।

मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर पहुंचे और आवागमन बाधित करते हुए मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे और अन्य सहायता की मांग शुरू कर दी।

प्रबंधन और ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई पहली वार्ता में प्रबंधन की ओर से 18 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा गया, जबकि ग्रामीण प्रतिनिधियों ने 25 लाख रुपये की मांग की। दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के बाद वार्ता समाप्त हो गई।

इसके बाद दोपहर में मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को फैक्ट्री के मुख्य द्वार के समीप रखकर धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए शाम करीब चार बजे कुजू पूर्वी मुखिया प्रतिनिधि अशोक कुमार की अगुवाई में प्रबंधन और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच दोबारा वार्ता शुरू हुई।

करीब छह घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रबंधन ने मृतक के आश्रित को 22 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई। इसके साथ ही फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने और प्रत्येक माह के अंत में फैक्ट्री के रखरखाव का कार्य कराने पर भी सहमति बनी।

समझौते के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि तेजनाथ महतो, भाजपा मांडू मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, मांडू प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष संजय प्रसाद, राजद जिलाध्यक्ष मो. गुलजार, रवि कुमार महतो, रतन प्रसाद, मुखिया राकेश मेहता रॉक, जयकुमार ओझा, शंभूलाल ठाकुर, रवि साहू, डिंपल प्रजापति, संजय शाह, अवधेश कुमार, कौलेश्वर साव, रिंकु कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।