श्रीराम पावर प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट के बाद एक और घायल कर्मी की मौत, ग्रामीणों ने कराया काम बंद

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुए फर्नेस ब्लास्ट हादसे में घायल एक और कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रितेश राणा, पिता कुलदीप राणा, निवासी शिवपुरी, हजारीबाग के रूप में हुई है। रितेश ने शुक्रवार शाम रांची के देवकमल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल कर्मी रमेश ठाकुर की भी मौत हो चुकी है।

रितेश की मौत की सूचना के बाद शुक्रवार को उनके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मुरपा स्थित फैक्ट्री परिसर पहुंचे। इलाज में कथित लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने फैक्ट्री में काम भी बंद करा दिया।

एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजने की बात का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हादसे में गंभीर रूप से घायल कर्मियों के बेहतर इलाज के लिए प्रबंधन ने उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई स्थित बर्न अस्पताल भेजने की बात कही थी। हालांकि, बाद में प्रबंधन की ओर से उचित पहल नहीं की गई और उनसे संपर्क भी बंद कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि बेहतर उपचार नहीं मिलने के कारण रितेश की हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने तथा सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी का भी आरोप लगाया। लोगों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला

हंगामे की सूचना मिलने पर कुजू ओपी के एसआई अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में प्रबंधन से दूरभाष पर बातचीत कराई गई।

प्रबंधन की ओर से घायल एवं प्रभावित कर्मियों के बेहतर इलाज तथा आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि, घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

फर्नेस ब्लास्ट में नौ से अधिक मजदूर हुए थे घायल

बताया गया कि 9 अगस्त को श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट हुआ था। हादसे में नौ से अधिक मजदूर घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान पहले ही मौत हो चुकी है। अब रितेश राणा की मौत के बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

परिजनों और ग्रामीणों ने रितेश की मौत के मामले में भी फैक्ट्री प्रबंधन पर इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।