रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ जिले में इन दिनों हाथियों के दो झुंड के आवागमन की सूचना है। वन विभाग की सूचना के अनुसार एक झुंड में 3 हाथी कोरांबे क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जबकि दूसरा बड़ा झुंड 44 हाथियों का है, जो मरांगमरचा/खोखा क्षेत्र में सक्रिय है।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे रात के समय और तड़के सुबह अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा जंगल अथवा वन क्षेत्र के आसपास जाने से बचें।
हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखें
ग्रामीणों से कहा गया है कि हाथियों के झुंड दिखाई देने पर उनके करीब जाने, उन्हें घेरने या किसी तरह परेशान करने की कोशिश न करें। हाथियों के साथ सेल्फी लेने या उन्हें भगाने का प्रयास भी न करें, क्योंकि इससे अप्रिय घटना हो सकती है।
विशेष रूप से जंगल से सटे गांवों के लोगों को रात और सुबह के शुरुआती समय में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन एवं वन विभाग की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
संदेश : सावधान रहें, सतर्क रहें और हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें।