रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिला प्रशासन की ओर से 14 अगस्त को रामगढ़ कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की सहभागिता वाले इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने “आरंभ है प्रचंड” और “योद्धा बन गई मैं” जैसे ओज, शौर्य और नारी शक्ति से जुड़े गीतों के मिश्रण पर प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में लय, भाव-भंगिमा, मंचीय आत्मविश्वास और भारतीय सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
विजेता नृत्य दल में कक्षा 12वीं की शैली और ताशु, कक्षा 11वीं की आलिया और रुचि, कक्षा 10वीं की अंजली मिश्रा, कक्षा 8वीं की रॉली, कृतिका और परिणिता तथा कक्षा 7वीं की सृष्टि और साइका शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल प्रतियोगिता में जीत नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय की इसी समग्र शिक्षा दृष्टि का परिणाम बताया गया।
प्रतियोगिता की तैयारी और सफलता में सरिता सिंह, अमित तिवारी एवं सुदीप्तो बनर्जी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।