लगातार बारिश से रामगढ़ में कई पेड़ गिरे, टेंपो में फंसी महिला का पैर टूटा

Spread the love

रामगढ़ कैंट,  झारखंड : सोमवार रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी पूरे दिन जारी रही। कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होने के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार बारिश के चलते मिट्टी गीली होने से रामगढ़ कैंट क्षेत्र में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए। इससे कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

रामगढ़ कॉलेज के समीप मंगलवार को अचानक एक पुराना वट वृक्ष गिर गया। पेड़ की चपेट में एक टेंपो आ गया, जिसमें एक महिला और उसका बच्चा सवार थे। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पैर टूट गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए महिला और बच्चे को टेंपो से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में भी सहयोग किया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

इधर, टायर मोड़ स्थित हुंडई शोरूम के पास भी एक पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। वहीं मेन रोड स्थित स्टेशन हेडक्वार्टर गेट के सामने भी एक पेड़ धराशायी हो गया। हालांकि पेड़ सड़क की ओर नहीं गिरा, इसलिए यातायात पर इसका विशेष असर नहीं पड़ा।

लगातार बारिश और मिट्टी के कमजोर होने के कारण पेड़ों के गिरने की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान पुराने और कमजोर पेड़ों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।