प्रेस क्लब ऑफ रामगढ़ चुनाव 2026-28 की अधिसूचना जारी, 8 सितंबर को होगा मतदान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : प्रेस क्लब ऑफ रामगढ़ के सत्र 2026-2028 के चुनाव की अधिसूचना गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को जारी कर दी गई। मुख्य चुनाव पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन 24 और 25 अगस्त को होगा, जबकि मतदान 8 सितंबर को कराया जाएगा।

अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र 24 से 25 अगस्त तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अनुमंडल कार्यालय, रामगढ़ में प्राप्त एवं जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी। नाम वापसी और अंतिम अभ्यर्थी सूची का प्रकाशन 29 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। चुनाव चिह्न का आवंटन 31 अगस्त को होगा।

8 सितंबर को मतदान और मतगणना

प्रेस क्लब ऑफ रामगढ़ के चुनाव के लिए मतदान 8 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतदान एवं मतगणना का स्थल प्रेस क्लब, रामगढ़ निर्धारित किया गया है।

चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और सह-सचिव के एक-एक पद के अलावा कार्यकारिणी सदस्य के 10 पदों के लिए चुनाव होगा।

नामांकन शुल्क निर्धारित

अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के लिए नामांकन पत्र शुल्क 1,000 रुपये, कोषाध्यक्ष एवं सह-सचिव पद के लिए 750 रुपये तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं होगा। नामांकन पत्र के साथ शुल्क की मूल पावती रसीद संलग्न करना अनिवार्य होगा।

प्रेस क्लब के सचिव द्वारा उपलब्ध कराई गई सदस्यों की सूची का अंतिम प्रकाशन 21 अगस्त को शाम 5 बजे किया जाएगा। चुनाव में वही सदस्य भाग ले सकेंगे जो प्रेस क्लब के नियमित सदस्य हैं, सदस्यता रजिस्टर में उनका नाम दर्ज है और जिनका बकाया सदस्यता शुल्क 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक अद्यतन हो चुका होगा।

नामांकन के लिए इन नियमों का करना होगा पालन

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावक, समर्थक और प्रत्याशी का नाम प्रेस क्लब के सदस्यता रिकॉर्ड में दर्ज नाम के अनुसार ही नामांकन पत्र में लिखा जाना चाहिए। सभी संबंधित लोगों के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे और नामांकन पत्र का कोई भी कॉलम खाली नहीं छोड़ा जा सकेगा। प्रत्याशी को स्टाम्प साइज की फोटो भी लगानी होगी।

मतदान की स्थिति में प्रत्येक पद पर सर्वाधिक वैध मत प्राप्त करने वाला प्रत्याशी निर्वाचित घोषित किया जाएगा। किसी पद पर बराबर मत मिलने की स्थिति में लॉटरी के माध्यम से निर्णय किया जाएगा।

मतदान के दौरान मतदाता को प्रेस क्लब, रामगढ़ द्वारा जारी पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। मतदान की स्थिति में प्रत्याशी 50 रुपये का भुगतान कर मतदाता सूची प्राप्त कर सकेंगे।

मतगणना पर आपत्ति के लिए 10 हजार रुपये शुल्क

अधिसूचना के अनुसार मतगणना समाप्त होने के आधे घंटे के भीतर किसी प्रत्याशी द्वारा लिखित आपत्ति दर्ज कराने पर 10,000 रुपये नगद समिति में जमा करने के बाद संबंधित प्रत्याशी के पद के मतपत्रों की पुनः गणना कराई जा सकेगी। इसके अलावा किसी भी परिस्थिति में पुनः मतदान नहीं कराया जाएगा।

चुनाव समिति को निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त उपनियम बनाने का अधिकार दिया गया है। चुनाव से संबंधित सूचनाएं प्रेस क्लब के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप में भी भेजी जाएंगी।

अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि चुनाव समिति का निर्णय अंतिम होगा और उसे किसी न्यायालय अथवा संवैधानिक पीठ के समक्ष चुनौती नहीं दी जा सकेगी।