नवजात बच्चे के पास पहुंची भीड़ से भड़की हथिनी, युवक को दौड़ाकर कुचला

Spread the love
हाथी द्वारा कुचल कर मारा गया युवक

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ वन क्षेत्र के गोबरदरहा इलाके में हाथियों के झुंड को करीब से देखने और उसका वीडियो बनाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी लोगों की भीड़ और शोर से बेकाबू हो गई और वहां मौजूद लोगों की ओर दौड़ पड़ी। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक युवक की बाइक गिर गई, जिसके बाद हथिनी ने उसे कुचल दिया। घटना में युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान यशवंत महतो के रूप में हुई है। वह बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के पुन्नू गांव का निवासी था और रामगढ़ में एक निजी अस्पताल में काम करता था।

बताया जा रहा है कि झुंड में शामिल एक हथिनी ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था। नवजात शावक को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में जंगल क्षेत्र में पहुंच रहे थे। कुछ लोग हाथियों के काफी नजदीक जाकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान शोरगुल और लोगों की गतिविधियों से हथिनी आक्रामक हो गई।

हथिनी के अचानक भीड़ की ओर बढ़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर भागने लगे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे यशवंत ने भी बच निकलने की कोशिश की, लेकिन उसकी बाइक रास्ते में गिर गई। वह संभलकर भाग पाता, उससे पहले हथिनी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। वन विभाग की ओर से लोगों से हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके करीब जाकर वीडियो या रील बनाने से बचने की अपील की जा रही है। खासकर नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी के आसपास जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।