बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड : हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में हुए भीषण हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के करीब 18-19 घंटे बीत जाने के बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से वार्ता या मुआवजे को लेकर कोई पहल नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीषण गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, करीब 11 बजे मृतक विनीत महतो और संजीव केसरी के शव फैक्ट्री गेट पर लाए गए। शवों को देखते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और शवों को फैक्ट्री परिसर में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर बातचीत के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
विधायक रोशनलाल चौधरी भी धरने में शामिल
ग्रामीणों के आंदोलन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक रोशनलाल चौधरी भी मृतकों के परिजनों के साथ फैक्ट्री गेट पर बैठ गए। विधायक ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
फैक्ट्री गेट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ महिलाएं भी मौजूद हैं। लगातार बढ़ते आक्रोश के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल
हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। फैक्ट्री गेट पर परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों के आक्रोश से माहौल बेहद गमगीन और तनावपूर्ण बना हुआ है।
मृतकों के शव को सुरक्षित रखने के लिए फ्रीजर मंगाया गया है, लेकिन फैक्ट्री गेट पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल शवों को एंबुलेंस में रखा गया है।
मुआवजे और वार्ता की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीणों की मुख्य मांग मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घटना की जिम्मेदारी तय करने को लेकर है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रामगढ़-पतरातू मार्ग जाम होने के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।