रामगढ़ कैंट, झारखंड : आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को दो दिवसीय अंतर-विद्यालयी बास्केटबॉल लीग टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट, आर्मी पब्लिक स्कूल गया, आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर और आर्मी पब्लिक स्कूल बैंगडूबी की छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कर्नल कशिश वाधवा, सेना मेडल एवं डिप्टी कमांडेंट, सिख रेजिमेंट सेंटर, लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलेंदु, एसओ एजुकेशन ऑफिसर, अंतरराष्ट्रीय कोच एवं झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव जेपी सिंह, रामगढ़ बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदीप सिंह बेदी और विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने संयुक्त रूप से किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के छोटे बच्चों ने नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
विद्यालय की खेल सचिव यशस्विनी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल प्रतिज्ञा दिलाई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
पहले दिन रामगढ़ कैंट और दानापुर की जीत
टूर्नामेंट के पहले दिन की पहली पाली में पहला मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल बैंगडूबी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में रामगढ़ कैंट की टीम ने 12-8 के अंतर से जीत दर्ज की।
इसके बाद आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर और आर्मी पब्लिक स्कूल गया की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें दानापुर की टीम ने 12-9 के अंतर से गया को पराजित किया।
खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की सीख
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह, सेना मेडल ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अनुशासन, खेल भावना और प्रतिद्वंद्वी टीम के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कर्नल कशिश वाधवा और विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने कहा कि अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने खिलाड़ियों को जीत और हार की चिंता से आगे बढ़कर पूरे समर्पण के साथ खेलने तथा लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।