अभिलेखों एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की समीक्षा, प्रभावी प्रवर्तन पर दिया जोर
रामगढ़, झारखंड : पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ द्वारा सोमवार को यातायात थाना, रामगढ़ का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने यातायात थाना की वर्तमान कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए जिलांतर्गत यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करते हुए यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई, यातायात प्रबंधन एवं प्रभावी प्रवर्तन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों के लिए यातायात को सुगम बनाना पुलिस की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए यातायात नियमों का पालन कराने के साथ जागरूकता और प्रभावी प्रवर्तन, दोनों पर समान रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित रखने तथा यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करने को कहा।