भरेचनगर (रामगढ़), झारखंड :अग्रसेन डीएवी भरेचनगर में गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राथमिक कक्षाओं, एलकेजी से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान नृत्य, गीत-संगीत, नाटक, भजन एवं रैंप वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने राधा, कृष्ण, बलराम, यशोदा, नंद बाबा, ग्वाल-बाल एवं गोपियों की सुंदर वेशभूषा धारण कर अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में यूकेजी के विद्यार्थियों कियांश सिंह, अनिका कुमारी, दशप्रीत, प्रणीत, नित्या कुमारी, सृजन, आरव राज, पूर्वी सानवी, दीविषा सिंह, आरोही कुमारी, सोनू कुमार मुंडा एवं शांभवी ने भाग लिया। वहीं एलकेजी के विद्यार्थियों प्रियम गुप्ता, सक्षम सिंह, प्रियम कुमारी, कुंजल कुमारी, अनम अली, श्रेष्ठ गोस्वामी, सृजन, अरूणिका गौतम, कृति, प्रिया, हर्षित मिश्रा, सृष्टि कुमारी एवं अनमोल ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कक्षा एक से विद्या, श्रेया, समृद्धि, ऋषभ एवं तेजस तथा कक्षा दो से आयुष कुमार, नैना कुमारी, प्रज्ञा कुशवाहा, स्नेहा कुमारी, तृषा राजवंशी, आराध्या साहू, सौरभ पटेल, काव्या सिंह एवं अनाया गुप्ता सहित अनेक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
धार्मिक पर्व हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं : जीपी झा
विद्यालय के प्राचार्य जीपी झा ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वचन दिया और जन्माष्टमी उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्व हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं और आपसी मेलजोल एवं सौहार्द के साथ रहना सिखाते हैं।
ईईडीपी की इंचार्ज पारोमिता विश्वास ने भी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिल्पा स्वराज एवं अंजली पांडे ने किया, जबकि कल्पना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।