जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर रामगढ़ में रूट डायवर्ट, कोठार चौक से थाना चौक तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

Spread the love

4 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक लागू रहेगा यातायात प्रतिबंध, एसडीओ ने जारी किया आदेश

रामगढ़, झारखंड : श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर, गोला रोड, रामगढ़ कैंट में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ श्री कृष्ण मुरारी तिर्की द्वारा यातायात प्रतिबंध से संबंधित आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार 4 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक कोठार चौक से थाना चौक तक तथा थाना चौक से कोठार चौक तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

इस मार्ग पर मालवाहक वाहन, ट्रक, टेंपो, भारी वाहन एवं सवारी गाड़ियों सहित अन्य संबंधित वाहनों का आवागमन पूरी तरह वर्जित रहेगा।

प्रशासन ने जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उक्त आदेश के अतिरिक्त अन्य रूटों के संबंध में पूर्व में जारी यातायात आदेश यथावत लागू रहेंगे।