पश्चिम बंगाल / झारखंड-बिहार : मालदा रेल मंडल अंतर्गत न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के समीप 24 घंटे के भीतर दोबारा भू-धसान की घटना सामने आई है। इस बार रेलवे ट्रैक करीब तीन फीट तक धंस गया, जिसके कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घटना के बाद कई ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
भू-धसान की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए दर्जनों मजदूरों को लगाया गया है। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, ताकि रेल परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
भू-धसान के कारण पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट, झारखंड के पाकुड़-साहिबगंज और बिहार के भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे प्रशासन की ओर से प्रभावित ट्रेनों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी रेलवे से जांच लेने की अपील की गई है।