कोडरमा घाटी में रिफाइन तेल लदा टैंकर पलटा, चालक घायल, ग्रामीणों में तेल लूटने की मची होड़

Spread the love

कोडरमा, झारखंड : कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघातरी स्थित घाटी में शनिवार सुबह रिफाइन तेल लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और सड़क पर बिखरे तेल को बाल्टी, ड्रम, केन व अन्य बर्तनों में भरकर ले जाने लगे।

मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर रिफाइन तेल लोड कर कोलकाता के हल्दिया से कोडरमा के रास्ते नेपाल जा रहा था। मेघातरी घाटी में पहुंचने के दौरान टैंकर के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया।

तेल भरने के लिए मौके पर पहुंचे ग्रामीण

टैंकर पलटने और सड़क पर तेल फैलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीण अपने साथ बाल्टी, ड्रम, केन और अन्य बर्तन लेकर आए और सड़क पर गिरे तेल को भरकर ले जाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक मौके पर तेल ले जाने की होड़ जैसी स्थिति बनी रही।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलने के बाद कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, दुर्घटना में घायल टैंकर चालक का इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल चालक की स्थिति और पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि घायल चालक फिलहाल अपना नाम बताने की स्थिति में नहीं है।

पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।