विनय कुमार अग्रवाल लगातार दूसरी बार फेडरेशन झारखंड चैंबर के उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित, रामगढ़ में हर्ष

Spread the love

उत्तरी छोटानागपुर रीजन से निर्विरोध निर्वाचन को व्यवसायियों एवं उद्यमियों के विश्वास और एकजुटता का प्रतीक बताया; चैंबर सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने दी बधाई

रामगढ़ कैंट, झारखंड : फेडरेशन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आगामी सत्र के लिए उत्तरी छोटानागपुर रीजन से रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल लगातार दूसरी बार उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन की खबर से रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज सहित जिले के व्यवसायियों, उद्यमियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में हर्ष का माहौल है।

विनय कुमार अग्रवाल के लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होने को उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के व्यवसायियों एवं उद्यमियों के विश्वास, समर्थन और एकजुटता की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और सक्रिय भूमिका से क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को फेडरेशन झारखंड चैंबर के मंच पर मजबूती से उठाने तथा उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल को और बल मिलेगा।

क्षेत्र की आवाज को फेडरेशन के मंच पर मिलेगी मजबूती

चैंबर सदस्यों ने कहा कि विनय कुमार अग्रवाल लंबे समय से व्यवसाय एवं उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनका दोबारा निर्विरोध निर्वाचन उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ रामगढ़ समेत पूरे क्षेत्र के व्यापारियों एवं उद्यमियों को मिलने की उम्मीद जताई गई है।

चैंबर परिवार ने विश्वास जताया कि श्री अग्रवाल अपने अनुभव, सक्रियता एवं नेतृत्व क्षमता का उपयोग करते हुए व्यापारी, उद्यमी एवं उद्योग जगत के हितों की मजबूती से पैरवी करेंगे तथा उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

चैंबर एवं सामाजिक संस्थाओं ने दी बधाई

विनय कुमार अग्रवाल के निर्विरोध निर्वाचन पर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मंजीत सहानी, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी ‘मानु’, सह सचिव इन्दर पाल सिंह सैनी, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश पोद्दार एवं अभिजीत सिंह सहित चैंबर के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं, लायंस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष अशोक जैन, सचिव सुरेन्द्र सोबती, कार्यकारिणी सदस्य हेमेंद्र नाथ सोंधी, विनोद गर्ग एवं जे.के. शर्मा, श्याम बाबा धाम रामगढ़ के अध्यक्ष विष्णु पोद्दार एवं कोषाध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल, रामगढ़ अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, रामगढ़ चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य आनंद अग्रवाल, मारवाड़ी धर्मशाला के अध्यक्ष विमल बुधिया एवं सचिव मुरारी लाल अग्रवाल, रामगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अनुप कुमार (बाबू साहब) सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं चैंबर सदस्यों ने भी उन्हें हार्दिक बधाई दी।

सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि फेडरेशन के उपाध्यक्ष के रूप में विनय कुमार अग्रवाल रामगढ़ और उत्तरी छोटानागपुर के व्यापार एवं उद्योग जगत की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।