व्यापार एवं उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का दिया भरोसा
रामगढ़ कैंट, झारखंड : फेडरेशन झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में उनकी टीम रामगढ़ पहुंची, जहां रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से टीम का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
रामगढ़ दौरे के दौरान टीम मुकेश अग्रवाल ने चैम्बर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, उपसमितियों के प्रतिनिधियों और स्थानीय व्यवसायियों के साथ संवाद किया। इस दौरान टीम ने आगामी फेडरेशन चुनाव को लेकर अपनी रणनीति, विजन और प्राथमिकताओं से उपस्थित व्यवसायियों को अवगत कराया।
मुकेश अग्रवाल ने कहा कि “संघर्ष से समाधान और समाधान से विकास” के संकल्प के साथ व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों के चैम्बरों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर व्यवसाय एवं उद्योग जगत की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए फेडरेशन को और अधिक सक्रिय, प्रभावी तथा व्यवसायियों के हितों के प्रति जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है।
रामगढ़ के व्यवसायियों ने रखीं स्थानीय समस्याएं
बैठक के दौरान रामगढ़ चैम्बर के पदाधिकारियों एवं व्यवसायियों ने क्षेत्र में व्यापार और उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को टीम के समक्ष रखा। व्यवसायियों ने उम्मीद जताई कि फेडरेशन के माध्यम से इन मुद्दों को उचित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान आगामी फेडरेशन चुनाव को लेकर व्यवसायियों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। टीम मुकेश अग्रवाल ने व्यवसायियों से सहयोग और समर्थन का आग्रह करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मंजीत सहानी, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न उपसमितियों के सभापति तथा बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रामगढ़ चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के उपाध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामगढ़ चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष पंकज तिवारी ने किया।