श्री रानी सती दादी मंदिर में भव्य मंगल पाठ, 500 से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

Spread the love

पुणे की प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचिका अर्पणा अग्रवाल ने भजनों से बांधा समां, महिला समिति ने दी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां

रामगढ़ कैंट, झारखंड : श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट की ओर से श्री रानी सती दादी मंदिर के भव्य प्रांगण में आयोजित 20वें भादो अमावस्या महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य मंगल पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक दादी भक्तों ने भाग लिया।

मंगल पाठ के शुभारंभ से पहले विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश का पूजन कराया गया। पूजा के यजमान सुनील बंसल एवं उनकी धर्मपत्नी रहे। गणेश पूजन संपन्न होने के बाद श्री रानी सती दादी का मंगल पाठ प्रारंभ हुआ।

मंगल पाठ के लिए पुणे, महाराष्ट्र की प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचिका अर्पणा अग्रवाल को उनकी टीम के साथ आमंत्रित किया गया था। अर्पणा अग्रवाल ने मधुर भजनों और भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। उनके भजनों पर दादी भक्त श्रद्धा और उत्साह के साथ झूमते नजर आए।

महिला समिति की सदस्यों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दौरान महिला मंगल समिति की सदस्यों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रस्तुति देने वालों में प्रीति जैन, रीता अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, संगीता बुधिया, सीमा मोदी, संजना अग्रवाल, नीतू अग्रवाल और करुणा मोदी शामिल रहीं।

इसके अलावा दादी प्रेमियों की ओर से भी विशेष नृत्य प्रस्तुति दी गई। मनीषा अग्रवाल, रिद्धि जैन, विजेता अग्रवाल, दीक्षा अग्रवाल, पायल खंडेलवाल, खुशबू अग्रवाल, नैनी पहाड़िया, स्मृति अग्रवाल और निमिषा अग्रवाल ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दादी के दरबार में भक्ति भाव अर्पित किया।

मंदिर में दादी जी के दरबार को आकर्षक फूलों से बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था। वहीं श्री रानी सती मंगल समिति की सदस्यों ने भी विभिन्न भक्तिमय नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

मंगल पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में महाआरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। इसी के साथ भव्य मंगल पाठ का सफल समापन हुआ।

आयोजन में श्री रानी सती महिला मंगल समिति की मंजू अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, संगीता बुधिया, सीमा अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, सीमा मोदी, अनीता शर्मा, शशि जैन, शीला जैन, तरुण मित्तल, संजना अग्रवाल, निर्मल अग्रवाल, प्रीति जैन, बुलबुल अग्रवाल, नीतू अग्रवाल सहित अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में दादी भक्त उपस्थित रहे।